अयोध्या में केमिकल इंजीनियर का टैंक में अर्धनग्न हालत में मिला शव, परिवार ने हत्या का जताया शक

Ayodhya News: अयोध्या के दर्शन नगर चौकी क्षेत्र स्थित यश पेपर मिल में शनिवार रात 25 वर्षीय केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे का शव ट्रीटमेंट प्लांट के पानी के टैंक में मिला। शव अर्धनग्न हालत में था और मुंह के बल पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही कंपनी में हड़कंप मच गया। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आशीष मूल रूप से बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के लोक गांव के रहने वाले थे। वह करीब तीन साल से यश पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर काम कर रहे थे और अयोध्या में अकेले रहते थे। परिवार के मुताबिक, वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़े और परिवार में अकेले कमाने वाले थे।

मौत से पहले मां को किया था फोन

आशीष की मां कंका शिवहरे ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच बेटे का फोन आया था। उसने मैनेजर से परेशान होने की बात कहते हुए मां से उससे बात करने को कहा था। परिवार का आरोप है कि मैनेजर ने आशीष के लैपटॉप से उसका इस्तीफा टाइप कर कंपनी को भेज दिया था।

परिजनों ने कंपनी के अभिषेक सिंह नाम के व्यक्ति पर भी आरोप लगाए हैं। चाचा राकेश शिवहरे के मुताबिक, आशीष ने उसे 3 लाख रुपये दिए थे और पैसे वापस मांग रहा था। परिवार का यह भी आरोप है कि घटनास्थल पर CCTV कैमरे नहीं थे।

पुलिस जांच में हादसा भी शामिल

परिजनों ने आशीष के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। घटनास्थल की जांच की जा रही है और हादसे के साथ केमिकल के संपर्क समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Also Read: दिल्ली में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.