मछली भोज के आरोप पर अजय राय का CM योगी को जवाब, बोले- फोटो दिखाएं, इस्तीफा दे दूंगा

Ajay Rai: अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कथित मछली भोज को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है। रविवार को अजय राय ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद तारून में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने उन पर निशाना साधा। सोमवार को रायबरेली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर अजय राय को घेरा।

सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जो खाना था, उसे अयोध्या के बाहर खा लेते। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे आचरण का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि ये लोग मंदिर में राम-राम करते हैं और बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं।

अजय राय बोले- फोटो दिखा दें, इस्तीफा दे दूंगा

अजय राय ने एएनआई से बातचीत में आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में अत्याचार और अन्याय करा रही है। राय के मुताबिक, उन्हें निषाद समाज ने कार्यक्रम में बुलाया था और वह वहां गए थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाने पर वह हमेशा हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करते हैं।

अजय राय ने कहा कि कार्यक्रम में मछली बनाना और खिलाना आयोजकों का विषय था। उन्होंने इसे निषाद समाज की परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि मछली पालना, पकड़ना, बेचना और खाना इस समाज की परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने निषादराज का उदाहरण देते हुए भाजपा पर निषाद समाज को अपमानित करने का आरोप लगाया।

भाजपा ने बताया आस्था का अपमान

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कथित मछली भोज को सनातन आस्था का अपमान बताया। मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने कहा कि हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद सावन में मछली भोज कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर दिखाता है।

अजय राय ने कहा कि यदि उनकी मछली खाते हुए कोई फोटो है तो सीएम योगी उसे दिखाएं, वह तुरंत इस्तीफा दे देंगे।

Also Read: अमेठी में बनी पहली पूरी तरह स्वदेशी AK-203 ‘शेर’, सेना को जल्द मिलेगी राइफल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.