Aligarh News: कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर महिला से कार में रेप, जेवर और 35 हजार भी लूटे

Aligarh News: अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में एक महिला ने कार चालक पर दुष्कर्म और लूट का आरोप लगाया है। महिला बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। आरोप है कि चालक ने गांव छोड़ने के बहाने उसे कार में बैठाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद कार में उसके साथ दुष्कर्म किया और जेवर व रुपये लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी समीर अहमद खान को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।

कोल्ड ड्रिंक पीते ही आने लगे चक्कर

महिला के मुताबिक, 10 अगस्त की शाम करीब छह बजे वह अलीगढ़ से अपने गांव जाने के लिए क्वार्सी चौराहे पर टेंपो का इंतजार कर रही थी। तभी जमालपुर निवासी समीर अहमद खान वहां मिला। वह किराये पर कार चलाता है। समीर ने उसे गांव छोड़ने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया।

महिला का आरोप है कि कुछ दूर जाकर समीर ने कार एक सुनसान जगह खड़ी की और उसे कोल्ड ड्रिंक दी। इसे पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे। वह देख पा रही थी, लेकिन खुद को संभाल नहीं पा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कार में उसके साथ दुष्कर्म किया।

जेवर और 35 हजार रुपये भी ले गया

महिला के अनुसार, बाद में उसे कार से उतार दिया गया। होश आने पर उसने देखा कि उसकी दो अंगूठियां, कान के झुमके, मंगलसूत्र, रेशम पट्टी और तोड़िया गायब थे। बैग से मोबाइल और 35 हजार रुपये भी नहीं मिले।

घर पहुंचकर उसने पति को पूरी घटना बताई। लोकलाज के कारण शुरुआत में शिकायत नहीं की। शनिवार को उसने क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

 

Also Read: मछली भोज के आरोप पर अजय राय का CM योगी को जवाब, बोले- फोटो दिखाएं, इस्तीफा दे दूंगा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.