Azamgarh News: रंगदारी मांगने पहुंचे बदमाशों ने डॉक्टर पर किया जानलेवा हमला

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल नगर पंचायत में शनिवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई। यहां पुलिस चौकी से महज चार सौ मीटर दूर बाइक सवार दो बदमाश रंगदारी मांगने डॉक्टर के क्लीनिक पहुंच गए और विरोध करने पर डॉक्टर को असलहे के बट से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए जबकि पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दिनदहाड़े क्लीनिक में घुसे बदमाश

मिली जानकारी के मुताबिक, समसल्लीपुर निवासी डॉ. वीरेंद्र प्रजापति रोज की तरह माहुल बाजार स्थित अपने क्लीनिक पर मरीज देख रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक असलहा लेकर अंदर दाखिल हुए। एक बदमाश ने डॉक्टर की कनपटी पर कट्टा सटाकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। डॉक्टर ने विरोध किया तो बदमाश गालीगलौज करते हुए उन पर टूट पड़ा।

कट्टा छीन डॉक्टर ने दिखाई बहादुरी

वहीं इस विरोध के बीच डॉक्टर और बदमाश में हाथापाई शुरू हो गई। बदमाश ने कट्टे के बट से डॉक्टर के सिर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गए। बावजूद इसके, डॉ. वीरेंद्र ने बदमाश का हाथ नहीं छोड़ा। झगड़ा क्लीनिक से बाहर सड़क तक पहुंच गया और दोनों कीचड़ में गिर पड़े। गिरते ही कट्टा बदमाश के हाथ से छूट गया और डॉक्टर के हाथ में आ गया। हालात पलटते देख दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना पर माहुल चौकी इंचार्ज सुधीर सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर का आरोप है कि उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश नहीं की और तमाशबीन बने रहे। पीड़ित के मुताबिक, चौकी इंचार्ज ने उन्हें खुद कट्टा लेकर थाने पहुंचने को कहा। जिसके बाद डॉ. वीरेंद्र जब थाने पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी तहरीर लेने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने एसपी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। करीब दो घंटे बाद थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पहुंचे और डॉक्टर की तहरीर ली।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

वहीं पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात और चौकी इंचार्ज के रवैये से स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

Also Read: अब टीचरों की लेट एंट्री पर लगेगी लगाम, हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को दिए बड़े निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.