Bahraich: कैसरगंज स्थित गौशाला पहुंचीं नोडल अधिकारी दीपा रंजन, व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ दिया सुझाव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य की विकास परियोजनाओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखने के लिए एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक जिले के लिए एक आईएएस अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनका कार्य है ज़मीनी स्तर पर निरीक्षण और मूल्यांकन करना।
इसी क्रम में शनिवार को बहराइच की नोडल अधिकारी और वरिष्ठ आईएएस अफसर दीपा रंजन ने कैसरगंज क्षेत्र के परसेंडी गौशाला का दौरा किया। उनके साथ जिले के मुख्य विकास अधिकारी (CDO), उपजिलाधिकारी (SDM) अखिलेश सिंह और खंड विकास अधिकारी (BDO) संदीप कुमार भी मौजूद रहे।

दीपा रंजन ने गौशाला की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशुओं के रहने-सहने, खानपान, टीकाकरण और स्वच्छता की स्थिति को परखा। इस दौरान उन्होंने एक गाय को चुनरी ओढ़ाकर पूजा भी की और उसे टीका लगवाया, जिससे पशुओं के प्रति सम्मान और देखभाल का संदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों से पूरी व्यवस्था की जानकारी ली और कुछ सुधारात्मक सुझाव भी दिए। गौशाला की साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर वे संतुष्ट नजर आईं।
गौरतलब है कि 24 और 25 मई को सभी 75 जिलों में 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कम से कम दो परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन करना इन नोडल अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही वे जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल योजना’ और गौशालाओं की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देंगे।
Also Read: Lucknow News: काश आपकी नसों में गर्म सिंदूर की जगह… सपा नेत्री का PM मोदी पर तीखा वार

