‘बरसाती मेंढकों से नहीं होगा बहुजन समाज का भला’, मायावती का चंद्रशेखर आजाद पर करारा पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया है। चंद्रशेखर ने हाल ही में बसपा नेता आकाश आनंद को लेकर कटाक्ष किया था, जिसके जवाब में मायावती ने बिना नाम लिए निशाना साधा।

मायावती ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि बसपा को कमजोर करने की कोशिश करने वाले कुछ संगठन और राजनीतिक दल “बरसाती मेंढकों” की तरह हैं। उन्होंने कहा कि चाहे ये लोग विधायक बनें, सांसद या फिर मंत्री, इनसे बहुजन समाज को कोई फायदा नहीं होने वाला।

बसपा प्रमुख ने दो टूक शब्दों में कहा कि देश में आज भी बसपा ही एकमात्र सच्ची आंबेडकरवादी पार्टी है, जो बहुजन हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पार्टी में समय-समय पर जिम्मेदारियों को लेकर फैसले लिए जाते हैं और आकाश आनंद की वापसी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। मायावती ने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि आकाश अब पूरी निष्ठा और समर्पण से बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के सपनों को साकार करने में जुटेंगे।

मायावती ने किया तीखा पलटवार

बिना नाम लिए चंद्रशेखर आजाद पर तीखा प्रहार करते हुए मायावती ने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस, भाजपा और सपा जैसी पार्टियों के इशारे पर चलकर बहुजन एकता को नुकसान पहुंचाने में लगे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे लोगों से सतर्क रहें, जो केवल निजी स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे हैं।

गौरतलब है कि एक दिन पहले चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद की बसपा में वापसी को लेकर कहा था कि जनता उन्हें नकार चुकी है और बसपा के पास कोई और विकल्प नहीं बचा है, इसलिए उन्हें मजबूरी में फिर से जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने दावा किया था कि अब कांशीराम और अंबेडकर के मिशन को उनकी पार्टी यानी आजाद समाज पार्टी आगे बढ़ाएगी।

चंद्रशेखर ने कहा था, “अगर हमारी पार्टी सत्ता और पद की लालची होती, तो आज हमारे लोग दूसरी पार्टियों में मंत्री बने होते। लेकिन हम मिशन की राजनीति करते हैं, जो सिर्फ जीवित विचारधारा वाले लोग ही चला सकते हैं।” मायावती के ताजा बयान ने यह साफ कर दिया है कि बसपा अपने मिशन और नीतियों से कोई समझौता नहीं करेगी और किसी भी सियासी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Also Read: लखनऊ में बकरीद को लेकर 12 प्वाइंट्स की एडवाइजरी जारी, मौलाना फिरंगी महली ने की खास अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.