Balrampur News: ईदगाह मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल, मौके से जिम्मेदार नदारद, SDM ने दिए जांच के आदेश

Balrampur News: बलरामपुर जिले के उतरौला नगर पालिका परिषद की ओर से मुख्य मार्ग से ईदगाह को जोड़ने वाली सीसी सड़क का निर्माण सवालों के घेरे में आ गया है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। मौके पर जेई, सुपरवाइजर और ठेकेदार की गैरमौजूदगी ने भी निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

मंगलवार को निर्माण स्थल पर सड़क का काम मजदूरों द्वारा कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर ठेकेदार, जेई, निर्माण लिपिक या सुपरवाइजर मौजूद नहीं थे।

आरोप है कि सीमेंट, बालू और गिट्टी का मिश्रण बिना तकनीकी निगरानी के तैयार किया जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने निर्माण में सफेद बालू, मिट्टी मिली लाल मोरंग, दोयम दर्जे की ईंट और घटिया सीमेंट के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Balrampur News

एस्टीमेट नहीं दिखाने का आरोप

लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सड़क का एस्टीमेट या प्राक्कलन भी उपलब्ध नहीं है।

जब ठेकेदार से निर्माण की गुणवत्ता और एस्टीमेट के बारे में जानकारी मांगी गई तो उसने इसे दिखाने से इनकार कर दिया। ठेकेदार ने हालांकि निर्माण को मानकों के अनुरूप बताया।

SDM ने दिए जांच के आदेश

मामला सामने आने के बाद नगर पालिका के जेई रवि कुमार कुशवाहा ने मौके का निरीक्षण करने की बात कही है।

वहीं, SDM योगेंद्र शरण शाह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य मानकों के विपरीत पाया गया तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सड़क निर्माण में वास्तव में मानकों का पालन हुआ है या नहीं।

रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: Balrampur News: स्कूलों में पत्रकारों और यूट्यूबर्स की ‘नो एंट्री’, BSA के आदेश पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.