बलरामपुर पुलिस का ‘पटाखा ऑपरेशन’, 6 तस्कर गिरफ्तार, DCM से ले जा रहे थे अवैध विस्फोटक

Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली पर्व से ठीक पहले बलरामपुर पुलिस ने अवैध पटाखों की तस्करी और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार के निर्देश पर कोतवाली उतरौला और कोतवाली नगर क्षेत्रों में की गई तीन अलग-अलग कार्यवाहियों में भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं और कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

उतरौला में DCM से हो रही थी अवैध पटाखों की तस्करी

कोतवाली उतरौला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध पटाखों के परिवहन और भंडारण को पकड़ा। 13 अक्टूबर 2025 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक DCM (ट्रक) को रोका, जिसमें 10 गत्तों में भरकर अवैध पटाखे ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने गुलशन गुप्ता और पवन कुमार नामक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बरामद पटाखों की कीमत करीब ₹87,950 बताई गई है।

14 अक्टूबर 2025 को, पुलिस ने मोहल्ला आर्यनगर निवासी रमेश कुमार गुप्ता को भी 07 गत्तों में भारी मात्रा में अवैध पटाखे ले जाते हुए गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम 1884 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

चूड़ी की दुकान में विस्फोटक का जखीरा, एक ही परिवार के 3 गिरफ्तार

कोतवाली नगर पुलिस को 14 अक्टूबर को एक घनी आबादी वाले क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली। चुंगी नाका भगवतीगंज चीनी मिल के पास मो. अकरम (पुत्र हसन मोहम्मद) अपनी चूड़ी की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री कर रहा था, जिससे इलाके में अनहोनी का खतरा था।

गिरफ्तारी और बरामदगी: पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मो. अकरम और उसके दोनों पुत्रों अफजल और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 350 अदद अनार, 101 सुतली बम मीडियम साइज, 24 पैकेट माचिस बम और विभिन्न प्रकार की फुलझड़ी सहित अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि उनके पास पटाखा बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था और वे त्योहार पर बिक्री के लिए यह सामग्री लाए थे।

अपर पुलिस अधीक्षक का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध हमारा अभियान लगातार जारी है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण आम जनमानस की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है। हमारी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Sambhal News: हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, संभल के 80 मकानों और मस्जिदों पर नहीं चलेगा बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.