बलरामपुर: पुआल रखने के विवाद में तीन गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के सेखुईया गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट, जिसमें बोलेरो और मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त किया गया था, उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना का खुलासा किया गया।

क्या थी घटना?

यह घटना 25 अक्टूबर को सेखुईया गांव में हुई थी। ग्राम प्रधान पति सियानंद पुत्र मनीराम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही सुमित सिंह पुत्र उदय प्रताप सिंह समेत कई लोगों ने पुरानी रंजिश के कारण उनके घर में घुसकर परिवारजनों के साथ मारपीट की।

इस हमले में सियानंद के परिजन सूर्यभान और अंकित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल और बोलेरो गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। सियानंद की तहरीर पर तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 267/25 धारा 191(2), 191(3), 333, 115(2), 352, 351(3), 117(2), 118, 324(3) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान एक वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया और कार्रवाई तेज की। पुलिस ने मंगलवार को सुमित सिंह उर्फ पुत्तन सिंह और सुनील सिंह (पुत्रगण सीताराम सिंह) को बलरामपुर रेलवे स्टेशन मोड़ के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। इससे पहले, इसी मामले में नामजद आरोपी हवलदार सिंह पुत्र राजेश्वरी सिंह को 27 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

मारपीट का कारण

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वादी पक्ष से जमीन में पुआल रखने को लेकर उनका विवाद हुआ था। कहासुनी बढ़ने के बाद उन्होंने वादी के घर में घुसकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: गहरे तालाब में पलटी बैलगाड़ी, पिता-पुत्र समेत दोनों बैलों की डूबकर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.