बाराबंकी: 35वां कार्तिक पूर्णिमा मेला महोत्सव, संत शिरोमणि बाबा बलदेव दास जी महाराज की स्मृति में 5-6 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के विकासखंड हैदरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत शुकुलपुर (पूरे कल्याण) स्थित संत शिरोमणि बाबा बलदेव दास जी महाराज आश्रम में इस वर्ष 35वां दो दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला महोत्सव का आयोजन 5 और 6 नवंबर को भव्य रूप से किया जाएगा।
मेला कमेटी व आश्रम प्रबंधन समिति ने महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर शुरू कर दी हैं।
समाधि बाबा बलदेव दास आश्रम कुटी पूरे कल्याण आदर्श बाजार प्रांगण में सफाई, सजावट और भक्तों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर कार्य चल रहा है।

मेला उपाध्यक्ष अमरनाथ ओझा और राजेंद्र यादव ने बताया कि इस पारंपरिक मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए 115 सदस्यीय कमेटी लगातार कार्यरत है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, भोजन और रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु बाबा बलदेव दास जी के दर्शन और परिक्रमा के लिए सुबह से ही मेला प्रांगण में पहुंचेंगे।
श्रद्धालु आश्रम परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

मेला प्रांगण में समाजसेवी ऋषभ ओझा, भावी जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर 3 से अमरनाथ यादव, रमेश यादव, सत्य प्रकाश यादव, दर्शन यादव, आशीष यादव, भवानी रावत, रामु रावत, मोहम्मद नसीम, धर्मराज, मोहम्मद अरशद, पिंटू यादव, आयुष शुक्ला, अमित यादव, मोहम्मद अनवर, मोनू गौतम सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य व ग्रामवासी मौजूद रहे।

कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले में शांति, श्रद्धा और स्वच्छता के साथ शामिल हों, ताकि बाबा बलदेव दास जी महाराज की कृपा से यह आयोजन हर वर्ष की तरह सफल और मंगलमय हो सके।

