Bareilly News: धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ADG, DIG और SSP ने किया संयुक्त पैदल गश्त
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी धनतेरस, दीपावली और भैया दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के मद्देनजर बरेली पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। आज, 18 अक्टूबर 2025 को, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया सुरक्षा जायजा
पैदल गश्त में रमित शर्मा (अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन), अजय कुमार साहनी (पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र) और अनुराग आर्य (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली) संयुक्त रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और आमजन को सुरक्षा का अहसास कराने पर जोर दिया। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों का गहन निरीक्षण किया गया।
मुख्य रूप से दिए गए ये निर्देश
- गश्त के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
- सभी क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाएं।
- ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए।
- शोभायात्रा/जुलूस के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और रूट मैपिंग की सटीक योजना बनाई जाए।

स्थानीय शांति समिति और गणमान्य नागरिकों से संवाद बनाए रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, थाना प्रभारीगण और अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बरेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएँ, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल 112 हेल्पलाइन या निकटतम थाना पुलिस से संपर्क करें।
Also Read: गोण्डा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, ‘छोटी सेना गैंग’ का लीडर समेत दो घायल

