Bareilly News: तेजाब कांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: थाना शेरगढ़ (बरेली) क्षेत्र में तेजाब डालकर एक ही परिवार को झुलसाने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को वादिनी ने थाना शेरगढ़ में तहरीर दी थी कि उमेश कश्यप पुत्र रामपाल, निवासी वार्ड नंबर 09, मोहल्ला डुंगरपुर (थाना शेरगढ़), छत के रास्ते घर में घुसा और वादिनी, उसके पति व दोनों पुत्रों पर तेजाब डालकर उन्हें गंभीर रूप से झुलसा दिया।

इस संबंध में थाना शेरगढ़ पर एफआईआर संख्या 112/26 दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए थे।

इसी क्रम में 17 मई 2026 को थाना शेरगढ़ पुलिस टीम अपराध नियंत्रण व वांछित आरोपियों की तलाश में गश्त पर थी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुलिस से बचते हुए कस्बा शेरगढ़ बाईपास मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी ने पुलिस पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी।

पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी उमेश कश्यप (उम्र करीब 35 वर्ष) के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मो. नाजिम के बाएं हाथ में गोली रगड़कर निकल गई, जिससे वह भी घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Also Read: NEET पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, NTA कमेटी की सदस्य और बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मांधारे गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.