लखनऊ कचहरी के बाहर 100 से ज्यादा वकीलों के चैंबर पर चला बुलडोजर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को जिला कचेहरी और स्वास्थ्य भवन के आसपास नगर निगम ने बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की। इलाहाबाद हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कोर्ट परिसर के बाहर सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों को ढहाने का मेगा अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के तहत अब तक 100 से अधिक वकीलों के अस्थायी चैंबरों पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। प्रशासन ने इलाके में कुल 200 से ज्यादा अवैध ढांचों और दुकानों को चिन्हित किया है, जिन्हें पूरी तरह हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
वकीलों का तीखा विरोध
बुलडोजर की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के चलते कचहरी परिसर के बाहर वकीलों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर इकट्ठा हो गए और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई। विरोध कर रहे वकीलों का तर्क है कि प्रशासन ने उन्हें कोई वैकल्पिक जगह मुहैया कराए बिना ही उनके चैंबर तोड़ दिए हैं। इससे उनके दैनिक कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
नोटिस की मियाद खत्म होने के बाद शुरू हुआ एक्शन
नगर निगम के आला अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट परिसर और स्वास्थ्य भवन के आसपास पिछले लंबे समय से अवैध कब्जों और अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। इन अवैध ढांचों की वजह से कचहरी मार्ग पर आए दिन भीषण जाम लग रहा था और सुरक्षा व्यवस्था भी दांव पर थी। हाईकोर्ट द्वारा कड़ा रुख अपनाए जाने के बाद नगर निगम ने पहले ही सभी संबंधित वकीलों और दुकानदारों को नोटिस चस्पा कर खुद ही अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। तय मियाद खत्म होने के बाद भी जब कब्जे नहीं हटाए गए, तब रविवार को नगर निगम का दस्ता बुलडोजर लेकर मैदान में उतरा। किसी भी तरह की अप्रिय घटना या हिंसक टकराव से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में स्थानीय पुलिस और पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात किया गया है।
Also Read: Bareilly News: तेजाब कांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

