Bareilly News: संदिग्ध हालत में किसान की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव भूढ़ मरोली में सोमवार को एक 32 वर्षीय किसान की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जीराज के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए गांव की ही एक महिला और उसके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतक के भाई का आरोप
जीराज के भाई ने पुलिस को बताया कि मृतक के गांव की एक महिला से अवैध संबंध थे। बीती रात उस महिला ने जीराज को फोन कर बातचीत की और देर रात उसे अपने घर बुला लिया। आरोप है कि किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और महिला ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर जीराज को छत से धक्का देकर नीचे फेंक दिया।

घटना के बाद महिला और उसकी बेटी ने गंभीर रूप से घायल जीराज को उठाकर उसके घर के सामने फेंक दिया। मृतक के भाई और पड़ोस में रहने वाली एक चाची ने यह पूरी घटना देखी। जब चाची ने महिला से सवाल किया कि जीराज को क्या हुआ, तो महिला ने कहा कि वह छत से गिर गया।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा, जांच जारी
सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। फिलहाल, परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: चुनाव से पहले सपा ने सेट किया टारगेट, क्या राहुल गांधी की रणनीति पर चलेंगे अखिलेश यादव?

