Bareilly News: धोखाधड़ी करने वाले 15-15 हजार के इनामी दो ठग गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और इन्वेस्टिगेशन सेल की टीम ने धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। ये दोनों आरोपी जाली दस्तावेज और फर्जी प्लॉट बेचकर लोगों से ठगी करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सलीम और अबरार, दोनों पुत्र सुखे, निवासी ढिलवारी, थाना आंवला, बरेली के रूप में हुई है।
कैसे करते थे ठगी?
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2023 को सुरेश चंद्र गुप्ता नाम के शख्स ने भोजीपुरा थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि ये लोग एक संगठित गिरोह चलाते हैं, जिसमें कोई मालिक बनता था और कोई वकील बनकर लोगों को गुमराह करता था।
यह गिरोह उन लोगों को निशाना बनाता था जो जमीन खरीदना चाहते थे। वे उन्हें फर्जी जमीन दिखाकर और जाली दस्तावेज तैयार करके लाखों रुपये ठग लेते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन दोनों आरोपियों को भोजीपुरा के बिल्वा मोड़ से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी इस मामले में काफी समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

