बरेली पुलिस ने अफीम के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और ड्रग माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहेड़ी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सोमवार की देर रात क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली एक सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, बहेड़ी थाना पुलिस की टीम सोमवार की रात को इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ नारायण नगला रोड की तरफ मौजूद है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और रोड पर स्थित पेट्रोल पंप से आगे नई प्लाटिंग में बनी एक कोठरी के पीछे घेराबंदी कर रात करीब 11:40 बजे आरोपी को धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 200 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

आरोपी पर पॉक्सो एक्ट में भी है दर्ज केस

पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय कौशल कुमार के रूप में हुई है, जो पड़ोसी जनपद पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हैदराबाद डिंगारा का निवासी है और उसके पिता का नाम मंगली प्रसाद है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त कौशल कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही पीलीभीत के अमरिया थाने में साल 2019 में छेड़छाड़ (धारा 354) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम ने आरोपी कौशल कुमार से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के धंधे में उतरा था। आरोपी ने दावा किया कि वह इस काले कारोबार से मिलने वाले आर्थिक लाभ से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। इस नशा तस्कर को सलाखों के पीछे भेजने और अफीम बरामद करने में बहेड़ी थाने के उपनिरीक्षक (एसआई) अंकित सिंह बघेल, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और कांस्टेबल अमरजीत की मुख्य भूमिका रही।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Siddharthnagar News: ओवरलोडिंग में फंसे 2 ट्रेलर और 1 ट्रक, ड्राइवरों के लाइसेंस होंगे सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.