Siddharthnagar News: ओवरलोडिंग में फंसे 2 ट्रेलर और 1 ट्रक, ड्राइवरों के लाइसेंस होंगे सस्पेंड
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में बेलगाम दौड़ रहे कमर्शियल वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शासन से मिले कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन) संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों और डग्गामार वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया।
इस विशेष चेकिंग ड्राइव के दौरान सड़क से गुजर रहे कुल 11 बड़े वाहनों को रोककर उनके प्रपत्रों की सघन जांच की गई। इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने पाया कि 2 ट्रेलर और 1 ट्रक तय मानक से कहीं अधिक माल लादकर सड़कों पर दौड़ रहे थे। एआरटीओ ने तत्काल एक्शन लेते हुए इन तीनों भारी वाहनों का भारी-भरकम चालान काट दिया। सख्त रुख अपनाते हुए विभाग ने इन तीनों दोषी वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को हमेशा के लिए निलंबित करने के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया है।

पेट्रोल पंप बना अस्थाई यार्ड, चाबियां और कागजात जब्त
कार्रवाई के बाद जब जब्त किए गए वाहनों को थाने ले जाने की बात आई, तो स्थानीय थाने में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं थी। इसके विकल्प के रूप में एआरटीओ के निर्देश पर तीनों बड़े वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर एक ड्राई पेट्रोल पंप के परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन सभी वाहनों की चाबियां और उनके मूल दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।
संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान की जद में यात्री बसें भी आईं। चेकिंग के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाकर संचालित हो रही एक बस को मौके पर ही निरुद्ध (सीज) कर दिया गया, जबकि एक अन्य बस का परमिट शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में चालान काटा गया। इस पूरे विशेष अभियान के दौरान एआरटीओ संजय कुमार सिंह के साथ परिवहन विभाग का प्रवर्तन स्टाफ और पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि सड़कों पर ओवरलोडिंग और बिना वैध प्रपत्रों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान

