बरेली में पुरानी रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या, 4 नामजद आरोपी फरार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। कंधरपुर गांव निवासी श्याम सिंह शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर से बाग की ओर गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे गांव के राजेन्द्र ने परिजनों को खेत में शव पड़े होने की सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे तो श्याम सिंह का शव खून से लथपथ मिला। आरोप है कि धारदार हथियार से उनका गला रेता गया। शरीर पर हाथ और पैरों समेत कुल नौ चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चार लोगों पर हत्या का मुकदमा
श्याम सिंह के भाई मुन्ना लाल की तहरीर पर गांव के गजराम, मोहर सिंह, रूम सिंह और भूपराम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच की।
परिजनों ने हत्या के पीछे करीब छह-सात साल पुरानी रंजिश की बात कही है। मुन्ना लाल का आरोप है कि उनके पिता ने मोहर सिंह को कई साल पहले कैरोसिन बेचते हुए पकड़ा था। करीब दो महीने पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
सिर पर चोट के बाद हत्या का अनुमान
पोस्टमार्टम में सिर पर चोट, गला कटा होने और गले पर दबाने के निशान मिले। हाथ-पैर पर भी चोटें थीं। पुलिस के मुताबिक गांव में श्याम सिंह का अन्य लोगों से भी विवाद था, इसलिए हर पहलू की जांच की जा रही है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं और रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।
Also Read: संभल में मंदिर-मस्जिद को लेकर भड़काऊ बयान देने पर सपा सांसद के पिता और भाजपा नेता समेत 4 को नोटिस

