बरेली में शिक्षिका की संदिग्ध मौत, चिता से शव उठाकर पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार रुकवा दिया। हॉरर किलिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चिता से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान शव में जहर के लक्षण और गले पर फंदा कसने का निशान मिलने से मामला और उलझ गया है। पुलिस ने मौत की सही वजह जानने के लिए बिसरा सुरक्षित कराया है।

घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली युवती एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी और खुद भी बीएससी की पढ़ाई कर रही थी।

सीने में दर्द की बात कहकर परिवार ने बताई मौत की वजह

परिवार के मुताबिक रविवार रात करीब 11:30 बजे शिक्षिका के सीने में दर्द हुआ। परिजन उसे डॉक्टर के पास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इसके बाद सोमवार सुबह परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। शव को सिंघैया नदी के किनारे ले जाया गया और वहां चिता तैयार कर शव रख दिया गया।

इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि शिक्षिका की मौत हॉरर किलिंग का मामला हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले शव को चिता से बाहर निकलवा लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से अंतिम संस्कार में पहुंचे परिवार के लोगों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों में भी हैरानी फैल गई।

पोस्टमार्टम में मिले जहर और फंदे के निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला और संदिग्ध हो गया। सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका के शरीर में जहर के लक्षण मिले हैं। साथ ही उसके गले पर फंदा कसने का निशान भी पाया गया।

हालांकि, सूत्रों के मुताबिक फंदा लगाने से उसकी मौत नहीं हुई थी। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने बिसरा सुरक्षित करा दिया है।

जांच में यह आशंका भी सामने आ रही है कि शिक्षिका ने पहले जहर खाया और इसके बाद फंदा लगाया हो। संभव है कि इसी दौरान परिवार के लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतार लिया हो। इसके बाद उसकी मौत हुई हो। हालांकि, इन परिस्थितियों की अभी पुलिस जांच कर रही है और मौत की वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

फरवरी में तय थी शादी, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

बताया जा रहा है कि शिक्षिका की शादी तय थी। उसका विवाह पड़ोस के गांव के एक युवक से तय हुआ था। दोनों की मर्जी से यह शादी 23 फरवरी को होनी थी।

शादी से पहले शिक्षिका की इस तरह मौत होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हॉरर किलिंग की सूचना समेत मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, अंतिम संस्कार के दौरान चिता से शव उठाए जाने के बाद इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस की जांच और बिसरा रिपोर्ट के बाद ही शिक्षिका की मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

Also Read: दो साल से लापता महिला का नहीं मिला कोई सुराग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI को सौंपी जांच 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.