सावधान! PAN Card के नाम पर फर्जी Email भेजकर ठगी की कोशिश, सरकार ने जारी की चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk : भारत सरकार ने सभी करदाताओं को एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए एक व्यापक फिशिंग अभियान के बारे में आगाह किया है। इस घोटाले में धोखेबाज लोगों को झांसे में लेकर “PAN 2.0” कार्ड के नाम पर नकली ईमेल भेज रहे हैं, जिसमें QR कोड सहित नए फीचर्स का दावा किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) फैक्ट चेक की एक एडवाइजरी के मुताबिक, साइबर ठग लोगों को ईमेल भेजकर दावा कर रहे हैं कि सरकार ने QR कोड वाला नया PAN कार्ड (PAN 2.0) लॉन्च किया है। ये ईमेल info@smt.plusoasis.com जैसे संदिग्ध ईमेल आईडी से भेजे जा रहे हैं, जिनमें लोगों से लिंक पर क्लिक करके अपना “e-PAN” डाउनलोड करने को कहा जाता है। हालांकि ये ईमेल आधिकारिक दिखते हैं, लेकिन ये साइबर अपराधियों द्वारा संवेदनशील व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी चुराने की साजिश का हिस्सा हैं।

PIB ने क्या कहा?
PIB फैक्ट चेक टीम ने इन ईमेल्स को पूरी तरह से फर्जी बताया है और स्पष्ट किया है कि ये किसी भी सरकारी विभाग की ओर से नहीं भेजे जा रहे। PIB ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में चेतावनी देते हुए कहा, “ऐसे ईमेल, कॉल या SMS पर कोई जवाब न दें जो आपसे वित्तीय या निजी जानकारी मांगते हों। ऐसे फिशिंग ईमेल की शिकायत करें।”
इनकम टैक्स विभाग ने भी दी सलाह
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने भी स्पष्ट किया है कि वह कभी भी अनुरोध किए बिना बैंक डिटेल्स, पासवर्ड या निजी जानकारी मांगने वाले मैसेज नहीं भेजता। PAN और e-PAN की सुविधा सिर्फ अधिकृत सरकारी पोर्टल्स (incometax.gov.in, tin-nsdl.com, utiitsl.com) के जरिए ही उपलब्ध है, न कि ईमेल लिंक के माध्यम से।

