आकाश आनंद को शुभकामनाएं, मायावती पर कटाक्ष, स्वामी प्रसाद मौर्य ने बिछाई चुनावी बिसात!
Sandesh Wahak Digital Desk: अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य मंगलवार को लखीमपुर पहुंचे। संविधान सम्मान व जनहित हुंकार यात्रा के सिलसिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कृष्णा मैरिज हाल में आयोजित प्रेसवार्ता में मौर्य ने कहा कि यदि ज़रूरत पड़ी, तो वह समान विचारधारा वाले दलों से गठबंधन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी ‘लोक मोर्चा’ को अब तक नौ क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिल चुका है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बसपा प्रमुख मायावती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद एक उभरते हुए युवा नेता हैं, लेकिन उन्हें बार-बार पार्टी से बाहर निकाल कर उनकी राजनीतिक प्रतिभा को दबाया जा रहा है। उन्होंने मायावती से अपील की कि आकाश को उनका वाजिब महत्व दिया जाए, लेकिन यह महत्व सिर्फ नाम का न हो, उसे वास्तविक ताकत के साथ जोड़ा जाए।
भाजपा सरकार पर तीखा हमला
पूर्व मंत्री मौर्य ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखे हमले करते हुए कहा कि इन सरकारों का एक ही उद्देश्य है – देश की संपत्तियों को बेचना। उन्होंने दावा किया कि आज सरकारी नौकरियां लगभग खत्म कर दी गई हैं और देश की 80 करोड़ आबादी सिर्फ 5-10 किलो राशन पर जी रही है। उन्होंने इसे देश की विकास नीतियों की असफलता करार दिया।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि राज्य में 27,000 प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं। इसे उन्होंने योगी सरकार की सबसे बड़ी विफलता बताया। मौर्य ने कहा सरकार चाहती है कि लोग पढ़ें ही नहीं, ताकि वे नौकरी मांगने न आ सकें।
किसानों को धोखा, कानून व्यवस्था नदारद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विश्वगुरु’ बनने के दावे पर तंज कसते हुए मौर्य बोले एक तरफ वे देश को विश्वगुरु बनाने की बात करते हैं, दूसरी तरफ देश को बेरोजगारी का अड्डा बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को अन्नदाता तो कहती है, लेकिन उन्हें उचित समर्थन मूल्य तक नहीं देती, जिससे किसान मजबूर और बेहाल हैं। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति है, अपराध पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।
Also Read: पेपर लीक कांड का मुख्य आरोपी और एक लाख का इनामी आयुष पांडेय गिरफ्तार, UP STF ने दबोचा

