‘बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिली मजबूती, श्रावस्ती में रात्रि चौपाल का आयोजन
Shravasti News: बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक के बहोरवा गाँव में एक अनोखी रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। एजुकेट गर्ल्स संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को शिक्षा, खासकर लड़कियों की पढ़ाई के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
शिक्षा ही समाज के विकास का आधार
मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सतीश ने कहा कि आज के आधुनिक युग में शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की और कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का एकमात्र रास्ता है। इस चौपाल में मौजूद ग्रामीणों को समझाया गया कि अगर लड़कियाँ शिक्षित होती हैं, तो सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव और समाज तरक्की करता है।
आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की समस्या का समाधान
चौपाल के दौरान, उन अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया जिनकी बच्चियां किसी कारणवश स्कूल नहीं जा पाती हैं। लड़कियों के नामांकन में आने वाली बड़ी दिक्कतों, जैसे कि आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की कमी, पर भी चर्चा हुई। गाँव के प्रधान ने आश्वासन दिया कि वे इन समस्याओं को दूर करने में पूरा सहयोग करेंगे।
गांव के कुछ प्रमुख लोगों ने भी संकल्प लिया कि वे मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी लड़की स्कूल जाने से वंचित न रहे। ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक फिल्म भी दिखाई गई। इस कार्यक्रम में एजुकेट गर्ल्स संस्था के कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।
Also Read: Ayodhya News: इस बार आसमान में रंग बिखेरेंगी ग्रीन आतिशबाजी, सरयू घाटों पर जलेंगे 26 लाख दीप

