राष्ट्र और आत्मसम्मान के लिए सर्वस्व अर्पण करने वाले भामाशाह देशभक्ति की अद्वितीय मिसाल: स्वतंत्र देव सिंह
Lucknow News: राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन और उद्योग संवाद के साझे प्रयासों से आज सुबह गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में दानवीर भामाशाह जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम रखने वाले भामाशाह ने लोकहित के लिए अपना सब कुछ दान कर दिया। उन्होंने दानवीरता और राष्ट्रभक्ति का जो उदाहरण पेश किया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
महाराणा प्रताप के संकट के साथी रहे भामाशाह इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो गए। उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धन कमाने से कहीं ज्यादा जरूरी उसका सही इस्तेमाल करना है। व्यापारी स्वभाव से कट्टर राष्ट्रवादी होता है, उसे अपने परिवार के प्रति भी उसी तरह समर्पित रहना चाहिए।

व्यापारी और महिलाएं आज पूरी तरह सुरक्षित: राकेश राठौर
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है, तब से व्यापारी वर्ग और महिलाएं खुद को पूरी तरह महफूज महसूस कर रहे हैं। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में भामाशाह की जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है। इसके साथ ही जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संगठन को मजबूती देने के टिप्स साझा किए। उन्होंने कहा कि एक मजबूत संगठन के लिए वार्ड और बूथ स्तर पर जवाबदेही तय कर समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना सबसे बड़ा काम है। उन्होंने समाज में धन के दिखावे को छोड़ सादगी अपनाने और परिवार को धर्म के मार्ग से जोड़ने का आह्वान किया।
पाठ्यक्रम में शामिल हो भामाशाह की जीवनी: अमित गुप्ता
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी महाराणा प्रताप और उनके घोड़े चेतक के बारे में तो पढ़ती है, लेकिन भामाशाह के योगदान से उतनी वाकिफ नहीं है। इसलिए सरकार को उनकी जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि हर जिले में सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले पाँच बड़े कारोबारियों को ‘भामाशाह उपाधि’ से नवाजा जाए और समाज सेवा करने वाले व्यापारियों को भी प्रोत्साहित किया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने दोनों मंत्रियों के समक्ष लखनऊ में संगठन के लिए एक कार्यालय की मांग रखी।

भामाशाह सम्मान से नवाजे गए दिग्गज कारोबारी और समाजसेवी
इस गरिमामयी समारोह के दौरान मंच पर मौजूद अतिथियों मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्य मंत्री राकेश राठौर और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने समाज व व्यापार जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें आलोक आर्य, जगत नारायण, शिवम बिश्नोई, रविंद्र जायसवाल, दीपक अग्रवाल, आनंद जायसवाल, अनीता अग्रवाल और राजेश्वरी त्रिपाठी शामिल रहे, जिन्हें अंगवस्त्र, बुके, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर दानवीर भामाशाह सम्मान से विभूषित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शालिनी अग्रवाल ने किया। इस दौरान मनीष भटीयानी, संदीप अग्रवाल, किशोर गुप्ता समेत प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए भारी संख्या में महिला और पुरुष व्यापारी उपस्थित रहे।
Also Read: अखिलेश जी, अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा, आप पश्चाताप कर रामलला के दर्शन करिए: सीएम योगी

