पेमेंट मांगने पर धमकी का आरोप, ‘लापता लेडीज’ अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में AICWA, FIR की मांग
Entertainment News: फिल्म Laapataa Ladies में अपने किरदार से पहचान बनाने वाले अभिनेता Satyendra Soni ने मध्य प्रदेश के मैहर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान भुगतान न मिलने और धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सत्येंद्र सोनी रोते हुए मदद की गुहार लगाते नजर आए, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया।
सत्येंद्र सोनी का आरोप है कि उनसे फिल्म की शूटिंग कराई गई, लेकिन तय मेहनताना नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपनी बकाया राशि मांगी तो उन्हें गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी तक मिली।
अभिनेता के मुताबिक उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी भुगतान का वादा पूरा नहीं किया गया।
इस पूरे मामले में अब All India Cine Workers Association (AICWA) खुलकर उनके समर्थन में सामने आ गई है।
संगठन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इसे गंभीर मामला बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

AICWA ने की FIR दर्ज करने की मांग
AICWA ने अपने बयान में कहा कि सत्येंद्र सोनी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि उन्हें फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था, जहां उन्होंने 8 दिनों तक काम किया, लेकिन पूरा भुगतान नहीं किया गया।
संगठन का कहना है कि यह मामला फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और तकनीशियनों के साथ हो रहे शोषण की ओर इशारा करता है।
AICWA ने मध्य प्रदेश सरकार से अपील की है कि अभिनेता के आरोपों के आधार पर फिल्म के निर्माता और निर्देशक के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अभिनेता ने लगाए गंभीर आरोप
सत्येंद्र सोनी के अनुसार, जब उन्होंने भुगतान की मांग की तो उन्हें तुरंत पैकअप करने को कहा गया और होटल छोड़ने की धमकी दी गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म की एक अभिनेत्री, जो निर्देशक की पत्नी हैं, ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। डर के कारण उन्हें तुरंत होटल छोड़ना पड़ा।
कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में कर चुके हैं काम
सत्येंद्र सोनी कई फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं। ‘लापता लेडीज’ के अलावा वे ‘डॉक्टर जी’, ‘बवाल’, ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ और टीवी शो ‘हेलो बच्चो’ में भी काम कर चुके हैं।
आने वाले समय में वे ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में भी दिखाई देंगे।
AICWA के समर्थन में आने के बाद यह मामला और गंभीर होता नजर आ रहा है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और फिल्म निर्माता पक्ष इस विवाद पर आगे क्या कदम उठाते हैं।
Also Read: ‘मोदी जी, मोदी जी’ कहती है नन्ही इवारा, सुनील शेट्टी ने सुनाया भावुक किस्सा

