Lucknow News: कृष्णानगर महिला हत्याकांड का इनामी आरोपी भोला राजपूत मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। डूडा कॉलोनी के पास देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आशाराम बापू मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28/29 सितंबर की दरमियानी रात डूडा कॉलोनी स्थित आशाराम बापू मार्ग पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी तेज गति से भागने लगा, लेकिन आगे जाकर उसकी स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया।

पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोला राजपूत (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम नदौहा (थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

ईंट-पत्थरों से सिर कुचलकर की गई थी राधा की निर्मम हत्या

उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितंबर की रात कृष्णानगर के नारायणपुरी इलाके में रहने वाली राधा नाम की महिला की ईंट-पत्थरों से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतका की मां रेखा सिंह की तहरीर पर कृष्णानगर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी भोला राजपूत फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 150 से 170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन को ट्रैक किया गया, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: Asian Games 2026: नीरू ढांडा का गोल्डन निशाना, महिला ट्रैप में जीता सोना, बनाया एशियाई रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.