BSNL का बड़ा तोहफा, 1 रुपये में लॉन्च किया Freedom 2.0 Offer
Lucknow News: भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन में मजबूत वापसी दर्ज करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने ग्राहकों के लिए विशेष प्रमोशनल ऑफर की घोषणा की है। BSNL उत्तर प्रदेश (पूर्व) परिमंडल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कंपनी के वित्तीय सुदृढ़ीकरण, स्वदेशी 4G नेटवर्क के विस्तार और नई योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर BSNL ने ग्राहकों के लिए “FRC ₹1 Freedom 2.0 Offer” प्रस्तुत किया है। यह ऑफर 12 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगा। कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को किफायती और विश्वसनीय दूरसंचार सेवाओं से जोड़ना है। प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि BSNL ने अपने वित्तीय संकेतकों में निरंतर सुधार किया है।
कुल कलेक्शन में बढ़ोतरी: वित्त वर्ष 2025-26 में BSNL का कुल कलेक्शन 21,462 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 2,324 करोड़ रुपये अधिक है।
लगातार पॉजिटिव EBITDA: वित्त वर्ष 2025-26 और 2026-27 की सभी तिमाहियों में EBITDA सकारात्मक रहा है, जो परिचालन स्थिरता को दर्शाता है।
UP (East) सर्किल का प्रदर्शन: उत्तर प्रदेश (पूर्व) परिमंडल में कोर सर्विसेज रेवेन्यू 10.44% बढ़कर 772 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा, एंटरप्राइज बिजनेस (EB) में 11% और CFA में 6% की वृद्धि दर्ज की गई है। BSNL के स्वदेशी 4G नेटवर्क के साथ भारत दुनिया का पाँचवाँ ऐसा देश बन गया है, जिसने पूर्णतः स्वदेशी 4G स्टैक विकसित और लागू किया है। यह नेटवर्क भविष्य में आसानी से 5G तकनीक में अपग्रेड किया जा सकता है।
सीमावर्ती और सुदूर क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी
डिजिटल भारत निधि (DBN) परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश के ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों की 98 साइटों पर 4G सेवाएँ शुरू की गई हैं। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) के 20 दूरस्थ बॉर्डर आउट पोस्ट्स (BoPs) और बॉर्डर इंटेलिजेंस पोस्ट्स (BIPs) को 4G से जोड़ा गया है। वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में 78 साइटों की पुरानी 2G सेवाओं को 4G में अपग्रेड किया गया है, जिससे सुदूर क्षेत्रों के नागरिक सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल सेवाओं से जुड़ पा रहे हैं।

