रायबरेली में राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोका काफिला, पुलिस से हुई झड़प
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी को अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन ही विरोध का सामना करना पड़ा। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका काफिला रोक दिया, जिसे उनकी सुरक्षा में एक बड़ी चूक माना जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन और पुलिस से झड़प
बुधवार को जब राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से रायबरेली जा रहे थे, तब राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता हाईवे पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने ‘राहुल गांधी वापस जाओ’ और ‘मोदी जी की मां का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। लगभग 15 मिनट तक राहुल गांधी का काफिला हाईवे पर रुका रहा। पुलिस अफसरों के काफी समझाने और बलपूर्वक हटाने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए और काफिला आगे बढ़ सका।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा में चूक की बात से इनकार करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को समझाकर हटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में फिलहाल कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
रायबरेली में राहुल गांधी का संबोधन
विरोध प्रदर्शन के बाद शाम को राहुल गांधी ने ऊंचाहार में बूथ अध्यक्षों से मुलाकात की। उन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और आगामी पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए जोश भरा।
उन्होंने भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने देशभर में फर्जी वोट बढ़ाए हैं। राहुल ने महाराष्ट्र और कर्नाटक विधानसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी भाजपा की ‘वोट चोरी’ पकड़ी गई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा करने का आह्वान किया।
Also Read: PM मोदी के वाराणसी दौरे से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ‘हाउस अरेस्ट’, लखनऊ पुलिस का एक्शन

