बिहार में आरक्षण पर NDA में ही घमासान, मांझी-चिराग भिड़े, तेजस्वी ने दी इस्तीफे की चुनौती

Bihar Reservation Politics: बिहार में आरक्षण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एनडीए (NDA) के भीतर ही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) और चिराग पासवान (Chirag Paswan) आमने-सामने आ गए हैं। दोनों नेता आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था को लेकर अलग-अलग राय रख रहे हैं और अब मामला एक-दूसरे से इस्तीफा मांगने तक पहुंच गया है।

जीतन राम मांझी आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और कोटा के भीतर कोटा की वकालत कर रहे हैं। उनका तर्क है कि वर्षों से आरक्षण का लाभ कुछ जातियों तक ज्यादा पहुंच रहा है, जबकि समाज के कुछ वर्ग अब भी पीछे हैं। ऐसे में जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के लिए आरक्षण के भीतर उपवर्गीकरण (Sub-Categorisation) पर विचार होना चाहिए।

मांझी बोले- समीक्षा जरूरी, चिराग ने किया विरोध

मांझी के इस रुख का केंद्रीय मंत्री और एलजेपी रामविलास (LJP Ramvilas) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुलकर विरोध किया है। चिराग का कहना है कि आरक्षण सामाजिक भेदभाव (Social Discrimination) के आधार पर मिला है, इसलिए इसे आर्थिक आधार से जोड़ना उचित नहीं है।

Chirag Paswan ने क्रीमी लेयर की चर्चा का विरोध करते हुए कहा कि आरक्षण की व्यवस्था को कमजोर या खत्म करने की कोई भी कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने Jitan Ram Manjhi और उनके बेटे संतोष सुमन के इस्तीफे की मांग तक कर दी।

जवाब में जीतन राम मांझी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अगर चिराग उनकी बात नहीं समझ पा रहे हैं तो पहले उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। इस तरह NDA के दो सहयोगी नेताओं के बीच आरक्षण का मुद्दा सीधे राजनीतिक टकराव में बदल गया है।

JDU और तेजस्वी भी कूदे

Bihar के Reservation Politics में अब जेडीयू (JDU) की भी एंट्री हो गई है। पार्टी के दलित नेता श्याम रजक ने चेतावनी दी कि आरक्षण के मौजूदा स्वरूप में किसी तरह की छेड़छाड़ या समीक्षा की गई तो हालात गृह युद्ध जैसे हो सकते हैं।

वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मांझी और चिराग दोनों को चुनौती देते हुए कहा कि वे इस्तीफा देकर गैर-आरक्षित यानी सामान्य सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं। तेजस्वी ने यह भी कहा कि देश में ऐसा कोई पैदा नहीं हुआ जो आरक्षण खत्म कर सके।

इस पूरे विवाद ने बिहार में आरक्षण को एक बार फिर बड़े राजनीतिक मुद्दे के केंद्र में ला दिया है। खास बात यह है कि टकराव विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच ही नहीं, बल्कि NDA के भीतर भी दिखाई दे रहा है।

Also Read: ‘जाति का चश्मा पहनकर UP की व्यवस्था को उल्टा-पुल्टा करने में लगे हैं’, अखिलेश पर बरसे जयंत चौधरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.