Bihar Politics: तेज प्रताप यादव ने बनाया ‘बिहार गठबंधन’, 6 पार्टियों का नया फ्रंट तैयार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने राजनीतिक मोर्चे पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। तेज प्रताप ने अपनी पार्टी ‘टीम तेज प्रताप यादव’ के साथ छह छोटी पार्टियों को मिलाकर एक नया गठबंधन बनाया है, जिसका नाम ‘बिहार गठबंधन’ रखा गया है।
इस नए गठबंधन की जानकारी देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी सत्य के साथ हाथ मिलाया है, जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यपाल सिंह सिसोदिया हैं। यह उनकी पार्टी से जुड़ने वाली छठी पार्टी है।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “हम इस गठबंधन में बेरोजगारी को मुख्य मुद्दा बनाएंगे। बिहार में लोग आए दिन पलायन कर रहे हैं। एक तरफ सूखा है तो दूसरी तरफ बाढ़ की स्थिति। ऐसे समय में मैं सभी का स्वागत करता हूँ। हम सब मिलकर इस लड़ाई को लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि लोग भले ही हेलीकॉप्टर से प्रचार करें, लेकिन उनका काम धरातल पर होगा।
राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी सत्य के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि तेज प्रताप यादव के नेतृत्व में हम सब एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन बेरोजगारी के मुद्दे पर मजबूती से लड़ेगा और विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाएगा।
आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव को आरजेडी से निष्कासित कर दिया गया है। इससे पहले 5 अगस्त को उन्होंने पाँच अन्य छोटी पार्टियों, जैसे विकासशील वंचित इंसान पार्टी, भोजपुरिया जन मोर्चा, प्रगतिशील जनता पार्टी, वाजीब अधिकार पार्टी और संयुक्त किसान विकास पार्टी के साथ भी गठबंधन किया था।
Also Read: ‘बिहार पर विवादित पोस्ट’ को लेकर केरल कांग्रेस ने मानी गलती, सोशल मीडिया हेड ने दिया इस्तीफा

