Bijnor News: राष्ट्र विरोधी साजिश रचने वाले दो गिरफ्तार, युवाओं को भड़काने का खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: बिजनौर पुलिस ने देश के खिलाफ साजिश रचने और हिंसा फैलाने वाले नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। मंगलवार को जनपद की नांगल और किरतरपुर थाना पुलिस ने स्वाट टीम के साथ मिलकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने और रेलवे ट्रैक को क्षति पहुंचाने जैसी साजिशों में संलिप्त थे।

इंस्टाग्राम लाइव पर AK-47 दिखाकर युवाओं की ‘भर्ती’

थाना नांगल पुलिस ने समीर उर्फ रूहान (निवासी नजीबाबाद) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नवंबर 2025 में वायरल हुए एक इंस्टाग्राम वीडियो के बाद की गई है। पूछताछ में पता चला कि समीर का मौसेरा भाई जलाल हैदर उसे विदेश (दक्षिण अफ्रीका) में बैठे मुख्य आरोपी मैजुल और आकिब से मिलवाया था।

मैजुल और आकिब व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए समीर को समुदाय विशेष के वाहनों को जलाने और रेलवे ट्रैक को क्षति पहुँचाने के लिए उकसाते थे। इसके बदले उसे मोटी रकम का लालच दिया गया था।

मैजुल इंस्टाग्राम लाइव पर एके-47 और ग्रेनेड दिखाकर युवाओं को गुमराह कर रहा था और भारत में एक बड़ा नेटवर्क तैयार करने की फिराक में था। समीर के फोन से हथियारों की तस्वीरें भी मिली हैं

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ‘टारगेट’ और फंडिंग

थाना किरतपुर पुलिस ने राजस्थान के जैसलमेर से राजू राम गोदारा को गिरफ्तार किया है। 4 मार्च 2026 को किरतपुर में एक व्यक्ति की गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई थी। जांच में पता चला कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश थी।

राजू राम गोदारा उस टेलीग्राम ग्रुप का एडमिन था, जिसके जरिए राष्ट्र विरोधी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस ग्रुप पर रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने और वाहनों को जलाने के वीडियो साझा किए जाते थे।

जांच में खुलासा हुआ कि लखनऊ एटीएस द्वारा गिरफ्तार आतंकी संदिग्ध शाकिब अहमद ने गिरफ्तारी के दिन राजू और उसके साथी जैद को कॉल की थी। राजू ने पकड़े जाने के डर से अपना फोन भी बदल लिया था।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार, लुकआउट नोटिस जारी

पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क के मुख्य सरगना मैजुल (दक्षिण अफ्रीका) और आकिब व आजाद (सऊदी अरब) के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। अब तक इस मामले में उवैद मलिक, जलाल हैदर, अबूजर, जैद और मन्नान को जेल भेजा जा चुका है।

Also Read: लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.