लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार की शाम “काल” बनकर आई आग ने भीषण तबाही मचाई। सेक्टर-12 रिंग रोड के किनारे स्थित एक अवैध बस्ती में लगी इस आग ने न केवल 200 से अधिक परिवारों की छत छीन ली, बल्कि छह मासूम बच्चों को भी अपनी आगोश में लापता कर दिया। धमाकों की गूंज और धुएं के गुबार के बीच यह बस्ती श्मशान में तब्दील हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच और राहत कार्यों के कड़े निर्देश दिए हैं।

लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

शाम 5 बजे शुरू हुआ तबाही का मंजर

विकासनगर सेक्टर-12 स्थित मिनी स्टेडियम के पास खाली पड़ी करीब तीन बीघा जमीन पर वर्षों से मज़दूर और गरीब परिवार झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। चश्मदीदों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:00 बजे एक झोपड़ी से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और काला धुआं 5 किलोमीटर दूर से भी साफ देखा जा सकता था।

आग की तीव्रता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि झोपड़ियों में रखे करीब 100 घरेलू गैस सिलिंडर एक-एक कर धमाकों के साथ फटने लगे। इन धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। लोग अपनी जान बचाने के लिए बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सड़कों की ओर भागे।

लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

लापता बच्चे और मवेशियों की मौत

इस त्रासदी का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि भगदड़ और आग के बीच छह बच्चे लापता हो गए हैं। इनमें से चार बच्चे एक ही परिवार के हैं और दो अन्य दूसरे परिवार के। देर रात तक प्रशासन और पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्चों की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि इस अग्निकांड में करीब 50 मवेशी, जिनमें दो गायें और कई बकरियां शामिल थीं, ज़िंदा जल गए। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक मवेशियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

प्रशासन की देरी और जनता का आक्रोश

घटनास्थल पर मौजूद लोगों में पुलिस और दमकल विभाग के प्रति भारी गुस्सा देखा गया। पीड़ितों का आरोप है कि आग लगने के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया गया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हुई। जब सूचना मिली, तो दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुँचीं। तब तक आग पूरी बस्ती को राख कर चुकी थी।

नाराज़ भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की। कुछ लोगों ने प्लॉट मालिक के घर का घेराव कर पथराव भी किया। पीड़ितों का आरोप है कि प्लॉट मालिक पिछले कई दिनों से झोपड़ियां हटाने का दबाव बना रहा था और उसी ने साजिश के तहत आग लगवाई है। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

राहत कार्य में बाधा: ‘तमाशबीनों’ का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार

आग बुझाने के कार्य में सबसे बड़ी बाधा स्थानीय लोगों और राहगीरों का व्यवहार रहा। सैकड़ों लोग घटनास्थल पर मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त थे। इस वजह से रिंग रोड पर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और दमकल की 22 गाड़ियों को मौके तक पहुँचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

जब पुलिस ने रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, तो कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस झड़प में लोहिया नगर सिविल डिफेंस के पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव समेत पांच लोगों के सिर फट गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल भर्ती कराया गया। साथ ही, बुधवार को लगने वाले ‘बुद्ध बाजार’ की वजह से भी संकरी गलियों में दमकल की गाड़ियां फंसी रहीं।

लखनऊ अग्निकांड का तांडव, आधा दर्जन बच्चे अभी भी लापता, सीएम योगी ने दिए निर्देश

सरकार का एक्शन और उच्च स्तरीय जांच

घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुँचे। उन्होंने जिलाधिकारी वी. विशाख, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर और अन्य आलाधिकारियों के साथ बचाव कार्यों की समीक्षा की। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और यदि किसी की साजिश सामने आती है, तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आग की चपेट में आने से बचे आसपास के 30 घरों को एहतियातन खाली करा लिया है। बेघर हुए परिवारों के लिए शेल्टर होम और भोजन की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: यूपी पुलिस अब बनेगी ‘स्मार्ट पुलिस’: ज़ेनिथ स्कूल ऑफ AI के साथ ऐतिहासिक समझौता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.