Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में एडवोकेट पर चाकू से हमला करने वाला बिलाल घोसी घायल, दोनों पैरों में लगी गोली

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले शातिर अपराधी बिलाल घोसी को प्रेमनगर थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।

इस सनसनीखेज वारदात की शुरुआत 30/31 मई की रात को हुई थी। सुभाषनगर के पुरानी चांदमारी निवासी बृजेश मिश्रा (एडवोकेट) अपने मामा के साथ जमीन बेचने के सिलसिले में गांव गए थे और देर रात वापस लौटे थे। जब वह प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गुलाबनगर में अपने मामा के घर के बाहर वाहन में बैठे थे, तभी गुलाबनगर घोसियान मस्जिद के पास रहने वाले बिलाल घोसी पुत्र मो. रजा ने उन्हें जबरन खींचने का प्रयास किया।

शोर मचाने पर जब पीड़ित के मामा ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उनकी मामी रानी शर्मा को दबोच लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए गले पर चाकू अड़ा दिया। अपनी मामी को बचाने के लिए जब एडवोकेट बृजेश मिश्रा डंडा लेकर आगे बढ़े, तो आरोपी बिलाल ने उनकी पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ दो वार कर दिए और फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में तत्काल पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

गत रात को प्रेमनगर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि वकील पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी बिलाल घोसी जनकपुरी पुरानी रेलवे लाइन के पास स्थित आरपीएफ बैरक के नजदीक कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर अपराधी बिलाल ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी।

पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी गोलियां चलाईं, जो सीधे बदमाश बिलाल के दोनों पैरों में जा लगीं और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और वकील पर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, घायल बदमाश बिलाल घोसी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही लूट, चोरी और धोखाधड़ी जैसे आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में एक और नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Siddharthnagar News: डीएम ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.