पुलिस चौकी के अंदर मन रहा था बाहरी युवक का बर्थडे, वीडियो वायरल होते ही 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पुलिस चौकी के अंदर जन्मदिन मनाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अड्डा बाजार पुलिस चौकी परिसर में एक युवक केक काटकर जन्मदिन मनाता दिखाई दिया, जबकि आसपास कई पुलिसकर्मी और एक दरोगा मौजूद थे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस की कार्यशैली और चौकी परिसर में निजी आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए।
जांच में मिली अनुशासनहीनता, 6 पर कार्रवाई
एसपी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी निचलौल को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही (Negligence of Duty) सामने आने की बात कही गई।
इसके बाद अड्डा बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश यादव समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspended) कर दिया गया।
निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक विकास कुमार गौड़, कांस्टेबल प्रभार गौड़, अभिमन्यु खरवार, रामकृत यादव और प्रशांत कुमार शामिल हैं।
पुलिस चौकी आम लोगों की शिकायतें सुनने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई का स्थान है। ऐसे में चौकी परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति का निजी जन्मदिन समारोह आयोजित होना और उसमें पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को विभाग ने गंभीरता से लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद हुई जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
Also Read: UP पुलिस का डबल एक्शन! आगरा मुठभेड़ के बाद बदमाश दबोचा, बरेली में 10 लाख की स्मैक के साथ 4 गिरफ्तार

