UP Politics: ‘शिक्षा को कमजोर कर रही है भाजपा सरकार’, अखिलेश यादव ने लगाए ये गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk:  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकारी स्कूलों का एकीकरण कर गरीब और वंचित तबके के बच्चों को शिक्षा से दूर किया जा रहा है। शुक्रवार को सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की इस नीति से गांवों में रहने वाले बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में दो लाख से ज्यादा पद लंबे समय से खाली हैं, लेकिन सरकार की तरफ से भर्ती की कोई गंभीर कोशिश नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों का विलय न सिर्फ शिक्षा की पहुंच को सीमित करेगा, बल्कि इससे नए शिक्षकों की भर्ती भी प्रभावित होगी। शिक्षामित्रों और 69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों की लगातार मांगों के बावजूद सरकार अब तक उनकी बात नहीं सुन रही है।

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि स्कूलों के विलय से ड्रॉपआउट रेट बढ़ने की आशंका है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और कमजोर होगी। इसके अलावा उन्होंने शिक्षकों की परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश का कहना है कि बिना जरूरी सुविधाएं दिए, जबरन डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम लागू कर दिया गया है, जिससे शिक्षकों का शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह शिक्षकों की बात सुने और शिक्षा को कमजोर करने की बजाय सशक्त करने की दिशा में काम करे।

Also Read: डॉ. रोहिणी बनाम चंद्रशेखर आज़ाद: रिश्तों से उठे विवाद ने पकड़ा कानूनी मोड़, सोशल मीडिया पर खुला वार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.