अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक पंजाब को पूरी तरह चिट्टा मुक्त बनाएगी बीजेपी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में आयोजित नशामुक्त पंजाब यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य को नशे के जाल से निकालने के लिए भारतीय जनता पार्टी को एक मौका दिया जाए। अमित शाह ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव बीजेपी पूरी तरह नशामुक्त पंजाब के एजेंडे पर लड़ेगी और 31 दिसंबर 2029 से पहले राज्य को चिट्टे के अवैध कारोबार से पूरी तरह मुक्त करा दिया जाएगा।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नशीले पदार्थों का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जो संकल्प लेती है उसे पूरा करती है- चाहे वह कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा हो, पूर्वोत्तर में उग्रवाद समाप्त करना हो या नक्सल समस्या का समाधान। गृह मंत्री ने दोहराया कि यह यात्रा केवल राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने का अभियान है, ताकि देश के किसी भी हिस्से में यहां से नशे की आपूर्ति न हो सके।

117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी यात्रा

पठानकोट से शुरू हुई 13 दिवसीय नशामुक्त पंजाब यात्रा लगभग 4,000 किलोमीटर का सफर तय कर और राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए जालंधर में समाप्त हुई। इस दौरान अमित शाह ने नशे के कारण अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात की और आश्वस्त किया कि सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा व युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Also Read: भारत में डिजिटल भुगतान सेवा एप्पल पे लांच, एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से शुरुआत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.