गुजरात के भरूच की फार्मा कंपनी में ब्लास्ट, 5 कर्मचारियों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के भरूच जिले स्थित सायखा जीआईडीसी में एक बड़ा और भयावह औद्योगिक हादसा सामने आया है। यहाँ सिंजिल फार्माकेम नाम की दवा फैक्ट्री में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक रिएक्टर फटने से 5 कर्मचारियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान 15 किलोलीटर क्षमता वाले भारी-भरकम रिएक्टर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि कारखाने का मलबेदार ढांचा परिसर से दूर जाकर गिरा और धमाके की आवाज करीब 15 किलोमीटर के दायरे तक गूंज उठी।

एमडीसी गैस रिसाव से बिगड़े हालात

रिएक्टर फटने के तुरंत बाद फैक्ट्री में जहरीली मिथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का भारी रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते धुएं और धूल के गुबार के बीच वहां मौजूद कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला फौरन राहत व बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचा। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया, जबकि घायलों को निजी अस्पतालों में आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

वागरा तालुका के सायखा औद्योगिक क्षेत्र (GIDC) में स्थापित इस सिंजिल फार्माकेम कंपनी को शुरू हुए अभी एक साल का समय भी नहीं बीता था। इस हादसे के वक्त कंपनी परिसर में नियमित व संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) दोनों श्रेणियों के कर्मचारी ड्यूटी पर थे। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग (DISH) की टीमों ने तकनीकी खामियों व सुरक्षा मानकों की पड़ताल के लिए जांच शुरू कर दी है।

Also Read: श्रावस्ती में लिफ्ट देकर महिला के साथ रेप की कोशिश, विरोध पर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.