लखनऊ में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी और उसके मामा ने मिलकर की पति की हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के नगराम पुलिस ने एक अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने खुलासा किया है कि एक युवक की हत्या उसकी पत्नी और उसके रिश्ते के मामा ने मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

19 सितंबर को नगराम थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास एक नाले में एक शव मिला था। मृतक की पहचान नगराम के छतौनी गांव के रामफेर (35) के रूप में हुई। रामफेर के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

 

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस ने जांच के लिए नगराम थाने और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम को लगाया। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीरा, उसके रिश्ते के मामा बसंतलाल और एक अन्य आरोपी केतार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बसंतलाल ने बताया कि वह अक्सर अपनी बहन के घर आता-जाता था, जहां उसकी मुलाकात रामफेर की पत्नी मीरा से हुई। दोनों में प्रेम संबंध हो गए। बसंतलाल ने बताया कि रामफेर शराबी था और आए दिन मीरा के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर मीरा और बसंतलाल ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

भजन कीर्तन के मौके का फायदा उठाया

18 सितंबर को गांव में भजन कीर्तन चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर बसंतलाल ने अपने दोस्त केतार के साथ रामफेर को शराब पीने के बहाने बुलाया। तीनों ने रामफेर को शराब पिलाई और जब वह नशे में हो गया तो बसंतलाल और केतार ने मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को दुर्घटना दिखाने के लिए पास के नाले में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस को गुमराह करने के लिए मीरा ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी, ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Also Read: पशु तस्करों के हमले में मारे गए दीपक के परिजनों से मिले सीएम योगी, सौंपी 5 लाख की आर्थिक मदद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.