आजमगढ़ में खूनी संघर्ष: मेड़ काटने के विवाद में फावड़े से काटकर युवक की हत्या, चार पर केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के मनोहरथपुर दुबौली गाँव में मेड़ काटने (खेतों की सीमा) के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का विवरण
मनोहरपुर दुबौली निवासी मुसाफिर चौहान पुत्र मुसाफिर चौहान का गाँव के ही सुगन चौहान के साथ जमीन संबंधी पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार की देर रात करीब 12 बजे मेड़ काटने की बात को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी झड़प हुई।
इस दौरान, सुगन चौहान ने फावड़े से मुसाफिर चौहान पर जानलेवा हमला कर दिया। फावड़े के वार से मुसाफिर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने चार लोगों पर किया मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष रौनापार ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों में सुगन चौहान, इंद्रपाल चौहान, राबड़ी देवी और पार्वती देवी को नामजद किया गया है। गाँव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

