वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव समुद्र में पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
भारतीय दूतावास भी पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नाव में कुल 36 लोग सवार थे। इनमें 32 भारतीय पर्यटक, 3 चालक दल (क्रू) के सदस्य और 1 अटेंडेंट शामिल था।
हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की जान चली गई, जबकि बाकी 21 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया बयान
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटने की दुखद घटना हुई है।
दूतावास ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और स्थानीय प्रशासन की ओर से खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
ऊंची लहरों के बीच हुआ हादसा
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नाव होन मे रुट द्वीप से एन थोई पोर्ट लौट रही थी। इसी दौरान तट से करीब 400 मीटर दूर समुद्र में नाव पलट गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं। हालांकि, नाव पलटने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
परिवारों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किए हैं।
दूतावास ने कहा है कि जरूरतमंद परिवार किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इन कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

