लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बढ़ीं मुश्किलें, कपिल शर्मा कैफे फायरिंग का आरोपी ‘रॉकेट’ फ्रांस में गिरफ्तार
Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कई देशों में कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में गैंग के कथित सदस्य गरिंदर देव को फ्रांस से गिरफ्तार किया गया है। उस पर कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग में शामिल होने का आरोप है। कनाडा ने अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अमेरिका की चार्जशीट में भी शामिल था नाम
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक 40 वर्षीय गरिंदर देव को फ्रांस में पकड़ा गया है और उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कनाडा लाया जाएगा। उसका नाम अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (DoJ) की चार्जशीट में भी शामिल है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक गरिंदर देव के कई नाम थे, जिनमें रिट्ज कार्लटन, रॉकेट और डॉक्टर शामिल हैं। उस पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए फंडिंग जुटाने के उद्देश्य से ड्रग्स की तस्करी करने का आरोप है।
अमेरिकी जांच में सामने आया कि गरिंदर देव कोकीन और हेरोइन की तस्करी में शामिल था। आरोप है कि जून 2025 में उसने कैलिफोर्निया और अमेरिका के पूर्वी हिस्सों तक 100 किलोग्राम कोकीन और 1 किलोग्राम हेरोइन पहुंचाने की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों ने खेप पकड़ ली।
जशनदीप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई
कपिल शर्मा कैफे फायरिंग मामले में आरोपी जशनदीप सिंह को कनाडा से डिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। उस पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार छिपाने में मदद करने का आरोप है। जशनदीप 2022 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था।
अमेरिकी जांच के अनुसार बिश्नोई गैंग एक विकेंद्रीकृत नेटवर्क की तरह काम करता है। इसके सदस्य अलग-अलग देशों से शूटर्स को नियंत्रित करते हैं। अमेरिका के DoJ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग समेत तीन भारतीय गैंगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें 36 नाम शामिल हैं, जिनमें 25 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 11 की तलाश जारी है।

