छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रही बोलेरो खड़े ट्रक से टकराई, 3 बच्चों समेत 9 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 5 साल से कम उम्र के 3 मासूम बच्चे शामिल हैं। यह भीषण हादसा भंडारा जिले के पिंपलगांव और मुंडिपार के पास नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब 16 से 17 यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बोलेरो कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के निवासी थे और तीज का त्योहार मनाने के लिए नागपुर जा रहे थे। भीषण टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। हादसे में 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि नागपुर ले जाते समय रास्ते में एक महिला की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

गंभीर घायलों का भंडारा और नागपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

साकोली स्थित अस्पताल के डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को पहले प्राथमिक इलाज के लिए साकोली लाया गया था, जहां से उन्हें भंडारा जिला अस्पताल रेफर किया गया। चालक और 3 बच्चों का इलाज भंडारा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) भेजा गया है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: सपा, कांग्रेस पर मायावती का हमला, कहा- नीले गमछे और कपड़े पहनने से जातिवादी सोच नहीं बदलती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.