गोंडा व्यापारी हत्याकांड: लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित, तीसरा आरोपी गिरफ्तार
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में 45 वर्षीय बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही और कोताही बरतने के आरोप में परसपुर के थानाध्यक्ष उप-निरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक अंकित सिंह और आरक्षी अभिमन्यु भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। कोंडरे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
इलाज के दौरान व्यापारी ने तोड़ा दम
परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी (45) की शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान थी। बुधवार शाम जब वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तब चार बाइकों पर सवार 10 हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर उन्हें मृत समझकर फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई।
तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 10 नामजद पर मामला दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ विवाद सामने आई है। मृतक साहनी ने मौत से पहले तीन हमलावरों की पहचान की थी। पुलिस ने शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह (तीसरा आरोपी) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बाकी फरार अभियुक्तों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
केजीएमयू शवगृह में धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद
मृतक की बेटी विजयलक्ष्मी ने आरोप लगाया कि पिता पर हमले के बाद परिजन थाने और पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। व्यापारी की मौत के बाद लखनऊ स्थित केजीएमयू शवगृह के बाहर भारी हंगामा हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद और सपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने वहां धरना दिया। संजय निषाद ने पीड़ित परिवार से मिलकर दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस हत्याकांड की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
Also Read: छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रही बोलेरो खड़े ट्रक से टकराई, 3 बच्चों समेत 9 की मौत

