लखनऊ-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी से हड़कंप, सुरक्षित लैंडिंग के बाद जांच जारी
Lucknow News: लखनऊ से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई इंडिगो (IndiGo) की उड़ान संख्या 6E231 में अचानक बम होने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। घटना बुधवार की है, जब विमान अपनी अंतिम लैंडिंग प्रक्रिया के करीब था, तभी क्रू मेंबर्स को इस सुरक्षा खतरे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही बेंगलुरु एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और सुरक्षा तंत्र को तुरंत अलर्ट पर डाल दिया गया। हालांकि, पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को बेंगलुरु के कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूरी तरह सुरक्षित लैंड करा लिया।
विमान के रनवे पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए उसे आइसोलेशन बे (सुरक्षित क्षेत्र) में पहुंचा दिया। वहां सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDDS), डॉग स्क्वॉड और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने विमान को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। विमान के अंदरूनी हिस्से के साथ-साथ सभी यात्रियों के सामान और कार्गो की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
धमकी के स्रोत का पता लगा रही पुलिस
फ्लाइट-स्टेटस रिकॉर्ड्स के अनुसार, इंडिगो की इस फ्लाइट (6E231) ने बुधवार सुबह तय समय पर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसे बेंगलुरु में लैंड करना था। सफर के आखिरी चरण में धमकी मिलने की वजह से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीमें इस बात की तफ्तीश में जुटी हैं कि यह धमकी किसने और किस माध्यम (कॉल या संदेश) से दी थी, ताकि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Also Read: AQIS का आतंकी इकरामुल बांग्लादेश में लापता, UNSC रिपोर्ट से भारत की बढ़ी चिंता

