स्तन कैंसर जागरूकता: लखनऊ में ‘पिंक वेव’ का आयोजन, डॉक्टरों ने कहा- दर्द रहित गांठ को न करें नजरअंदाज
Sandesh Wahak Digital Desk: स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ में ‘पिंक वेव’ नामक एक व्यापक अभियान का आयोजन किया गया। एसोसिएशन ऑफ 41 क्लब ऑफ इंडिया एरिया 9 ने एसजीपीजीआई ब्रेस्ट हेल्थ प्रोग्राम के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका मुख्य उद्देश्य यह बताना था कि समय पर स्तन कैंसर का पता लगने से जान बचाई जा सकती है। इंडियन ऑयल और ज्ञान दूध द्वारा प्रायोजित इस अभियान में लखनऊ गोल्फ क्लब, इनर व्हील और कई अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया।

जागरूकता पर डॉक्टरों का जोर
एसजीपीजीआई एंडोक्राइन सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. गौरव अग्रवाल ने जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी महिलाओं को नियमित रूप से स्वयं स्तन जांच (Self-Examination) करने की सलाह दी।
डॉ. अग्रवाल ने चेताया महिलाओं को स्तन में दर्द रहित गांठ जैसे किसी भी लक्षण के प्रति सतर्क रहना चाहिए और ऐसे किसी भी चेतावनी संकेत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बिना किसी हिचकिचाहट के जल्द से जल्द डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि रोग का पता प्रारंभिक अवस्था में चल जाए और व्यापक उपचार किया जाए, तो अधिकांश स्तन कैंसर रोगी ठीक हो सकते हैं। दुर्भाग्य से, जागरूकता की कमी के कारण भारतीय महिलाओं में अभी भी निदान देरी से होता है।

वॉकथॉन और विंटेज कार रैली का आयोजन
स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे वॉकथॉन से हुई, जिसे प्रमुख सचिव, उद्योग आलोक कुमार और प्रमुख सचिव, नियोजन आलोक कुमार तृतीय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 3 किमी लंबे इस वॉकथॉन में 300 से अधिक वॉकर्स ने भाग लिया।
फ्लैग ऑफ समारोह में डीसीपी महिला प्रकोष्ठ ममता रानी, लखनऊ गोल्फ क्लब के मानद सचिव रजनीश सेठी और 41 एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। वॉकथॉन के बाद विंटेज कार रैली को भी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इसके अलावा, एसजीपीजीआई ब्रेस्ट हेल्थ प्रोग्राम ने लखनऊ गोल्फ क्लब के गोल्फ कैडियों और उनके परिवारों के लिए भी एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया, ताकि शुरुआती चरण में स्तन कैंसर की पहचान के महत्व को समझाया जा सके।
Also Read: Lucknow News: फर्जी अपहरण की साजिश बेनकाब, पुलिस पर दबाव बनाने के लिए बाप-बेटे ने रचा था षड्यंत्र

