हावड़ा स्टेशन के पास फुटपाथ और सड़कों से अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के व्यस्ततम हावड़ा रेलवे स्टेशन परिसर से अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। स्टेशन के बाहर सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए दुकानदारों के खिलाफ रेलवे पुलिस ने कल देर रात बुलडोजर चलाकर पूरे इलाके को साफ कर दिया।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कदम स्टेशन आने-जाने वाले लाखों आम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है ताकि उन्हें आवाजाही में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। इस कार्रवाई से पहले दुकानदारों को बकायदा कानूनी नोटिस भी जारी किया गया था।

शुभेंदु सरकार के आते ही दिखने लगा असर

राज्य में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में बड़े राजनीतिक उलटफेर के बाद अब यह प्रशासनिक सख्ती साफ दिखाई दे रही है। चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सरकार बनाई है, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई है। मुख्यमंत्री पद की कमान संभालते ही शुभेंदु अधिकारी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं और कानून व्यवस्था के साथ-साथ सरकारी संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाने के फैसले तेजी से लिए जा रहे हैं।

अवैध काम छोड़ें, वैध व्यापार अपनाएं सरकार करेगी मदद: दिलीप घोष

अतिक्रमण के खिलाफ जारी इस चौतरफा कार्रवाई के बीच कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष का एक बड़ा बयान भी सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि देश और राज्य में कहीं भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी।

व्यापारियों से अपील करते हुए दिलीप घोष ने कहा, अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण में शामिल लोगों से मेरा सीधा अनुरोध है कि वे कानून के दायरे में रहकर वैध तरीके से अपना कारोबार शुरू करें। सही तरीके से काम करने वालों को सरकार पूरा सहयोग और समर्थन देगी। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले खुद ही जगह खाली कर दें, ताकि किसी को असुविधा न हो। हम किसी भी सूरत में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Also Read: तालिबान का नया विवादास्पद कानून, बाल विवाह में लड़की की चुप्पी को सहमति मानने का प्रावधान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.