अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिरी कार, आर्मी ऑफिसर के बेटे की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज स्थित नांगल देवत इलाके में बारिश के कारण एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बारिश के चलते सड़क पर हुई फिसलन के कारण एक तेज़ रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हुई और गहरे खुले नाले में जाकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में राष्ट्रीय स्तर के होनहार बास्केटबॉल खिलाड़ी और भारतीय सेना के ब्रिगेडियर के 20 वर्षीय बेटे यशवेंद्र सिंह की जान चली गई।

पुलिस और परिजनों के मुताबिक, यशवेंद्र अमेरिका की प्रतिष्ठित इंडियाना यूनिवर्सिटी (केली स्कूल ऑफ बिजनेस) का छात्र था और महज 10 दिन पहले ही छुट्टियों में भारत लौटा था। उसके पिता सेना में ब्रिगेडियर पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में कोलकाता में पोस्टेड हैं। यशवेंद्र अपने नाना के इलाज के सिलसिले में हौज खास स्थित आर्मी गेस्ट हाउस में रुका हुआ था।

दोस्त को छोड़ने के दौरान हुआ हादसा

घटना शुक्रवार तड़के करीब 6 बजे की है, जब यशवेंद्र अमेरिका में साथ पढ़ने वाली अपनी महिला मित्र को उसके घर वसंत कुंज छोड़ने जा रहा था। नांगल देवत रेड लाइट के समीप तीखे मोड़ पर बारिश की वजह से काफी फिसलन बनी हुई थी। मोड़ लेते वक्त कार का संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया, जिससे गाड़ी पहले एक पेड़ से टकराई और फिर सीधे सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरी। दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार युवती तो किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रही, लेकिन गंभीर रूप से घायल यशवेंद्र को जब अस्पताल पहुंचाया गया, तब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना के बाद स्थानीय निवासियों में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ ज़बरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि नांगल देवत के पास बना यह खुला नाला लंबे समय से हादसों को न्योता दे रहा है। क्षेत्रवासियों ने कई बार बैठकों में और लिखित रूप से नाले को ढकने या बाउंड्री वॉल बनाने की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस गंभीर लापरवाही का खामियाजा एक होनहार युवा को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

प्रतिभाशाली एथलीट था यशवेंद्र

यशवेंद्र दिल्ली के मशहूर संस्कृति स्कूल (2024 बैच) का पूर्व छात्र था। पढ़ाई में अव्वल रहने के साथ-साथ वह एक शानदार बास्केटबॉल खिलाड़ी भी था, जिसने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उसकी अचानक हुई मौत से संस्कृति स्कूल परिवार और खेल जगत में गहरा शोक व्याप्त है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से कानूनी जांच कर रही है।

Also Read: Banda News: पुलिस मुठभेड़ में रेप के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.