जातीय विभाजन राष्ट्र के प्रति अपराध, एकजुट होकर बनाएं श्रेष्ठ भारत: CM योगी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि देश को जाति, भाषा और क्षेत्रीय सीमाओं में बांटने का प्रयास भारत माता के खिलाफ अपराध है। हमें गुटों में बंटा समाज नहीं, बल्कि एक अखंड और सामर्थ्यवान राष्ट्र चाहिए। रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रेक्षागृह में आयोजित प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री बोल रहे थे। अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस सत्र का शुभारंभ गायत्री मंत्र और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा और माता भगवती देवी को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गायत्री परिवार ने विचार को प्राथमिकता देकर 100 वर्षों की अनुशासित साधना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने गीता प्रेस (1923), संघ (1925) और गायत्री परिवार (1926) का उल्लेख करते हुए कहा कि भिन्न मार्गों के बावजूद इन सभी का अंतिम लक्ष्य जनचेतना जगाना और सनातन मूल्यों को मजबूत करना रहा है।

शिक्षकों को युग निर्माण का संकल्प

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को समाज का दिशा-निर्देशक बताया। तक्षशिला, नालंदा और चाणक्य-चंद्रगुप्त जैसी ऐतिहासिक गुरु-शिष्य परंपराओं का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक पूरी निष्ठा से अपने दायित्व का निर्वहन करें, तो भारत को पुनः विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जरिए 11 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का जुड़ना युवा पीढ़ी को सही राह दिखाने की दिशा में बड़ा कदम है।

पर्यावरण और पारिवारिक मूल्यों का संरक्षण

एकल परिवारों के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए CM योगी ने गायत्री परिवार से सामाजिक और पारिवारिक एकता के लिए आगे आने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए जानकारी दी कि राज्य में 2017 से 2026 के मध्य 275 करोड़ पौधे रोपे गए हैं, जिनमें से 35 करोड़ पौधे इसी वर्ष लगाए गए। उन्होंने नदियों को जीवनदायिनी बताते हुए उनके संरक्षण को अति आवश्यक करार दिया।

शीर्ष शिक्षण संस्थानों का सम्मान

कार्यक्रम के अंत में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के टॉप-10 विद्यालयों को सम्मानित किया गया। इनमें लखनऊ पब्लिक स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, सीतापुर इंटर कॉलेज और डॉ. केएन मोदी साइंस इंटर कॉलेज गाजियाबाद सहित अन्य प्रमुख संस्थान शामिल रहे। कार्यक्रम में विधायक राजेश्वर सिंह ने प्रदेश में शिक्षा के बजट में वृद्धि और ड्रॉपआउट दर में आई गिरावट को रेखांकित किया, वहीं डॉ. चिन्मय पंड्या ने नई पीढ़ी के भीतर मानवीय और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने पर जोर दिया।

Also Read: नगर पंचायत के तीन वार्ड हुए जलमग्न, घरों में दुबके ग्रामीण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.