जनगणना-2027 की तैयारियाँ तेज: पहली बार SC/ST के अलावा अन्य जातियों की भी होगी गणना

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने देश में जनगणना-2027 की रूपरेखा तय करते हुए गृह अनुसूची के तहत जानकारी जुटाने के लिए 40 प्रश्नों की अधिसूचना जारी की है। इस प्रश्नावली के आधार पर जनगणना कर्मचारी आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर परिवारों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़ा डेटा एकत्र करेंगे।

गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, नियुक्त जनगणना अधिकारी अपनी सीमा के भीतर आने वाले प्रत्येक परिवार से इन 40 निर्धारित सवालों के जवाब पूछेंगे। इस प्रश्नावली का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों की जीवन शैली और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सटीक आकलन करना है।

इस बार की जनगणना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू जाति से जुड़ा प्रश्न है। स्वतंत्रता के बाद यह पहला मौका होगा जब अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अतिरिक्त अन्य जातियों की गिनती भी दर्ज की जाएगी। प्रश्नावली के 10वें प्रश्न में अनुसूचित जाति (SC) / अनुसूचित जनजाति (ST) / जाति का विकल्प रखा गया है।

प्राथमिक व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी

प्रश्नावली के माध्यम से व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, जीवनसाथी का नाम और नागरिकता जैसी मूलभूत जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा धर्म, माता-पिता की जानकारी, दिव्यांगता की स्थिति, मातृभाषा और अन्य सीखी गई भाषाएं। साक्षरता का स्तर, डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शिक्षण संस्थान में उपस्थिति और उच्चतम शैक्षणिक योग्यता।

पहचान पत्र और सुविधाओं का ब्यौरा

जनगणना के दौरान कोविड-19 टीकाकरण के स्थान, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर के साथ-साथ मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान दस्तावेजों की उपलब्धता के संबंध में भी विवरण दर्ज किया जाएगा। सरकार द्वारा जारी इस आधिकारिक प्रश्नावली के आधार पर ही आने वाले समय में जमीनी स्तर पर जनगणना की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

Also Read: सहारनपुर में सिपाही की पत्नी ने रायफल से खुद को मारी गोली, मौके पर ही हुई मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.