NEET की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार सख्त, शिक्षा मंत्री ने की हाई लेवल समीक्षा बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दोबारा आयोजित होने वाली NEET परीक्षा की तैयारियों को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बिना किसी चूक के संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में जो भी कमियां सामने आई थीं, उन्हें पूरी तरह दूर किया जाए और इस बार परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और फुलप्रूफ तरीके से आयोजित किया जाए।
इसके साथ ही सभी राज्यों में जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा व्यवस्था की निगरानी मजबूत रहे। छात्रों के लिए परिवहन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, 21 जून को होगी परीक्षा
बैठक में शिक्षा मंत्री ने साफ कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा में चूक बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित करने का ऐलान किया है।
इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अब तक 10 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन और जांच की कार्रवाई जारी है।

