दो दिवसीय दौर पर सिद्धार्थनगर आएंगी महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, जनसुनवाई और समीक्षा बैठक करेंगी
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान आगामी 20 और 21 जुलाई, 2026 को सिद्धार्थनगर जिले के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। अपने इस प्रवास के दौरान वह महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगी, जमीनी हकीकत परखेंगी और जनता की समस्याएं सुनेंगी।
गोदभराई से लेकर कपिलवस्तु भ्रमण तक, ऐसा है पूरा शेड्यूल
तय कार्यक्रम के मुताबिक, डॉ. बबीता सिंह चौहान जिला महिला चिकित्सालय का दौरा करेंगी, जहाँ वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित गोदभराई, नवजातों के अन्नप्राशन और कन्या जन्मोत्सव जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद स्थानीय गेस्ट हाउस में एक विशेष जनसुनवाई का आयोजन होगा, जहाँ वे महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को सीधे सुनेंगी। साथ ही, महिला सुरक्षा और कल्याण को लेकर जिले के आला अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगी।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष जिला कारागार (जेल) का औचक निरीक्षण भी करेंगी, जहाँ वे महिला बंदियों के रख-रखाव और उन्हें मिलने वाली कानूनी व चिकित्सीय सुविधाओं का जायजा लेंगी। इसके अलावा, वे बौद्ध काल के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले प्रसिद्ध स्थल कपिलवस्तु धर्मस्थली का भी भ्रमण करेंगी।
सिद्धार्थनगर के जिला प्रोबेशन अधिकारी ने इस वीआईपी दौरे की आधिकारिक सूचना जारी कर दी है और सभी संबंधित विभागों को समय रहते पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिला सूचना अधिकारी से इस पूरे कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही गई है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे ऋतिक रोशन, छात्रों के मानसिक तनाव का किया जिक्र

